Maharajganj

Maharajganj: महिला आयोग की उपाध्यक्ष का औचक निरीक्षण, लापरवाह अधिकारियों पर सख्त चेतावनी

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने बुधवार को जनपद का दौरा कर महिलाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिला कारागार, महिला अस्पताल और वन स्टॉप सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया और कई मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत जिला कारागार से हुई, जहां श्रीमती चौधरी ने महिला बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने जेल अधीक्षक को बंदियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जेल की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए उन्होंने महिला बंदियों के बच्चों को मिष्ठान्न वितरित किया। इसके बाद उन्होंने महिला अस्पताल का निरीक्षण किया, जहां प्रसव कक्ष, ओटी, और ओपीडी का जायजा लिया। उन्होंने सामान्य और सिजेरियन डिलीवरी वाली महिलाओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका में कई चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की अनुपस्थिति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए जांच के आदेश दिए। अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए शौचालय और अन्य सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए। अंत में, उपाध्यक्ष ने वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की सफाई, रसोई, और अन्य व्यवस्थाओं को देखा। सेंटर में रह रही पांच पीड़िताओं की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने आवश्यक निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी  शांत प्रकाश, एसडीएम सदर रमेश कुमार, और जेल अधीक्षक प्रभात सिंह मौजूद रहे। उपाध्यक्ष ने महिलाओं की सुविधाओं को लेकर प्रशासन को जवाबदेही बढ़ाने की सख्त हिदायत दी।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला